जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
3
Advertisement

गोण्डा – कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से संबंधित तैयारियों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण तथा आगामी स्व-गणना कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

Advertisement

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें।

16 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी स्व-गणना, व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने बैठक में आगामी 16 नवंबर, 2026 से प्रारंभ होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व-गणना के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं इसकी उपयोगिता के संबंध में आमजन को व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्व-गणना कार्यक्रम के संबंध में जनसामान्य तक सही एवं आवश्यक जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित कर सकें। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना तैयार करें। साथ ही स्व-गणना की निर्धारित रूपरेखा के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 के सफल संचालन में सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध ढंग से पालन करना होगा। उन्होंने प्रशिक्षण, जनजागरूकता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, संबंधित उपजिलाधिकारीगण, जनगणना प्रशिक्षक विनीत कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here