बेसिक शिक्षा परिषद ने जारी किया कक्षा 1 से 8 तक की परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम; पारदर्शी आयोजन के कड़े निर्देश
कक्षा 1 में मौखिक, 2 से 5 में लिखित व मौखिक तथा कक्षा 6 से 8 तक आयोजित की जाएंगी लिखित परीक्षाएं
जनपद स्तर पर तैयार होंगे मॉडल प्रश्नपत्र; गोपनीयता, निष्पक्ष मूल्यांकन एवं समयबद्ध परिणाम पर रहेगा विशेष फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार और छात्र-छात्राओं के सीखने के स्तर (लर्निंग आउटकम) के निरंतर आकलन पर विशेष बल दे रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत प्रदेश के समस्त परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह परीक्षाएं आगामी 17 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक प्रदेश भर में एक साथ आयोजित की जाएंगी।
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया को पूर्ण शुचिता, निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित ढंग से समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जाए।
परिषद द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए मॉडल प्रश्नपत्र जनपद स्तर पर विशेषज्ञ शिक्षकों व अधिकारियों की देखरेख में तैयार कराए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण (प्रिंटिंग) और संकुल/विद्यालय स्तर तक सुरक्षित वितरण सुनिश्चित करें। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों की गोपनीयता पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
विद्यार्थियों के आयु वर्ग और शैक्षणिक स्तर को ध्यान में रखते हुए कक्षावार परीक्षा का स्वरूप निर्धारित किया गया है:-
कक्षा 1: कक्षा एक के नन्हें विद्यार्थियों के लिए केवल मौखिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
कक्षा 2 एवं 3: इन कक्षाओं के बच्चों के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार लिखित एवं मौखिक दोनों माध्यमों से परीक्षा होगी।
कक्षा 4 एवं 5: लिखित तथा मौखिक परीक्षा के समन्वय से अधिगम स्तर का समग्र परीक्षण किया जाएगा।
कक्षा 6 से 8: उच्च प्राथमिक कक्षाओं (कक्षा 6, 7 और 8) के विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः लिखित परीक्षाएं संपन्न होंगी। इसके अंतर्गत हिंदी, गणित, अंग्रेजी,
संस्कृत/उर्दू, सामाजिक विषय, विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन तथा कला एवं संगीत सहित समस्त निर्धारित विषयों के प्रश्नपत्र शामिल होंगे।
परीक्षाओं के सुचारु समापन के तुरंत बाद उत्तर पुस्तिकाओं के निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन तथा उनके सुरक्षित रखरखाव की ठोस व्यवस्था की जाएगी। परिषद ने निर्देशित किया है कि मूल्यांकन कार्य को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जाएं और अभिभावकों के साथ साझा किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की कमजोरियों को चिन्हित कर उपचारात्मक शिक्षण दिया जा सके।
‘‘शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी। सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण, सुरक्षित वितरण तथा उनकी पूर्ण गोपनीयता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान विहित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए मूल्यांकन कार्य समय से पूरा कराकर परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा




