खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ, डीएम ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

0
8
Advertisement

जीरो टिलेज विधि से गेहूं की बुवाई, पराली प्रबंधन और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति किसानों को किया जाएगा जागरूक
बहराइच जनपद में किसानों को आधुनिक एवं जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने खेत बचाओ अभियान अन्तर्गत जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं ग्रामीण डेवलपमेंट सर्विसेज के संयुक्त तत्वावधान में संचालित क्लाइमेट स्मार्ट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत इस अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का उद्देश्य किसानों एवं ग्रामीण समुदाय को कृषि अवशेष प्रबंधन, जीरो टिलेज विधि से गेहूं की बुवाई तथा जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से जागरूकता वाहन जनपद के विभिन्न विकासखंडों के चयनित ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को जागरूक करेंगे। इन वाहनों के जरिए किसानों को जीरो टिलेज विधि से गेहूं की बुवाई करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, पराली का उचित प्रबंधन करने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के माध्यम से किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें ऐसी कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिनसे खेती की लागत कम करने, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल सके। जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देकर कृषि को अधिक टिकाऊ और पर्यावरण हितैषी बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि संबंधी जागरूकता बढ़ाने और किसानों को आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल के कार्यक्रम अधिकारी धनेश कुमार वर्मा तथा ग्रामीण डेवलपमेंट सर्विसेज के कार्यक्रम समन्वयक नरेंद्र देव पाण्डेय सहित परियोजना टीम के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here