
बाराबंकी । एक अगस्त कलेक्ट्रेट में कार्यरत आशु लिपिक शिवकुमार वर्मा तथा चपरासी किशोर दिनांक 31 जुलाई को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने दोनों कर्मचारियों द्वारा अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल दायित्वों के निर्वहन तक सीमित नहीं होती, बल्कि अपने कार्यों एवं व्यवहार से संस्थान की गरिमा बढ़ाना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार सिंह सहित उपस्थित अधिकारियों ने भी दोनों कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके अनुशासन, कार्यकुशलता एवं सहयोगात्मक व्यवहार को प्रेरणादायी बताया तथा सेवानिवृत्ति के उपरांत स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कार्मिकों को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके साथ बिताए गए कार्यकाल के अनुभव साझा किए। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गण मान्य जन उपस्थित रहे।











