जनपद फिरोजाबाद में पक्के आवास से बदलता लाभार्थी परिवारों का जीवन

0
1
Advertisement


रोटी और कपड़ा के बाद आवास मनुष्य की सबसे बुनियादी आवश्यकता है, जो केवल ईंट-गारे का ढांचा नहीं, बल्कि सुरक्षा, स्थायित्व और आत्मसम्मान का आधार है। जनपद फिरोजाबाद में केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की समन्वित आवासीय योजनाओं ने वर्षों से कच्चे मकानों और झोपड़ियों में जीवन यापन कर रहे हजारों पात्र परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराकर सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन की नई इबारत लिखी है।
जनपद फिरोजाबाद की एक बस्ती में निवास करने वाले रामनिवास का परिवार इस सकारात्मक बदलाव का प्रत्यक्ष उदाहरण है। दैनिक मजदूरी करके किसी तरह दो वक्त की रोटी जुटाना उनके जीवन की सबसे बड़ी चुनौती थी। सीमित आय के कारण परिवार के लिए अपने संसाधनों से एक पक्का मकान बना पाना असम्भव था। रामनिवास और उनके परिवार ने लगभग पंद्रह वर्षों का लम्बा समय घास-फूस की एक छोटी सी झोपड़ी में अत्यन्त कठिन परिस्थितियों में बिताया। वर्षा ऋतु के दौरान झोपड़ी के भीतर पानी टपकने से पूरा परिवार भीगता रहता था। अनेक बार मौसम प्रतिकूल होने पर बच्चों के साथ रातें पेड़ों के नीचे गुजारने की विवशता भी उत्पन्न हो जाती थी।
केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण‘ के अंतर्गत पात्र लाभार्थी के रूप में चयनित होने पर रामनिवास के जीवन की दिशा बदल गई। योजना के माध्यम से प्राप्त वित्तीय सहायता से उन्होंने ईंट और सीमेंट का अपना पक्का मकान निर्मित किया। पक्के घर में गृह प्रवेश के समय पूरे परिवार की आंखों में संतोष और सुरक्षा का नया विश्वास झलक रहा था।
इस जीवन परिवर्तन से अभिभूत रामनिवास का कहना है कि पक्के घर का सपना साकार होना केवल ईंट और सीमेंट की दीवारों का निर्माण नहीं, बल्कि पूरे परिवार की दशा और दिशा बदलने जैसा है। अब वर्षा या प्रतिकूल मौसम में परिवार को किसी प्रकार का भय नहीं रहता। इस सम्मानजनक जीवन के लिए उनका परिवार केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता है।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ‘सभी के लिए आवास‘ के लक्ष्य को साकार करने हेतु एक अप्रैल 2016 से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अन्तर्गत मैदानी जनपदों में पात्र बेघर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को 1.20 लाख रुपये की इकाई सहायता प्रदान की जाती है। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के मध्य 60रू40 के वित्तीय अनुपात में संचालित इस योजना की धनराशि सीधे लाभार्थियों के आधार-लिंक्ड बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तान्तरित होती है।
योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक आवास का न्यूनतम क्षेत्रफल 25 वर्ग मीटर निर्धारित किया गया है, जिसमें स्वच्छ खाना पकाने के लिए एक समर्पित रसोई क्षेत्र भी शामिल है। आवासों की संरचनात्मक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जलवायु के अनुकूल डिजाइनों के साथ ग्रामीण राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित कारीगरों का सहयोग लिया जा रहा है।
जनपद फिरोजाबाद में जिला प्रशासन द्वारा इस योजना को अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के अभिसरण के साथ लागू किया जा रहा है, जिससे लाभार्थी परिवारों को सम्पूर्ण बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। प्रत्येक आवास लाभार्थी को मनरेगा के तहत 90 मानव दिवस की अकुशल मजदूरी और स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के अन्तर्गत शौचालय निर्माण हेतु 12,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाती है।
इसके अतिरिक्त, पात्र लाभार्थियों को जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर नल से जल‘ का पेयजल कनेक्शन, विद्युत योजनाओं से बिजली कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ रसोई गैस कनेक्शन से भी जोड़ा जा रहा है। एक पक्के आवास के निर्माण से औसतन 201 मानव दिवस का रोजगार सृजित होता है, जिससे जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय श्रमिकों और निर्माण सामग्री व्यवसाय को भी गति मिली है।
योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लाभार्थियों की पहचान सामाजिक-आर्थिक एवं जाति जनगणना-2011 के आंकड़ों तथा आवास प्लस और ‘आवास$ 2024‘ डिजिटल सर्वेक्षण के माध्यम से की जा रही है। निर्माण के प्रत्येक चरण की जियो-टैगिंग और ‘आवास सॉफ्ट‘ पोर्टल पर ऑनलाइन निगरानी के कारण बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और किश्तों का भुगतान समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित हुआ है।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय इस आवासीय अभियान का प्रमुख आधार है। योजना के नियमों के तहत निर्मित आवास का मालिकाना हक परिवार की महिला मुखिया के नाम अथवा संयुक्त रूप से दर्ज किया जाता है, जिससे महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (राष्ट्रीय लक्ष्य का न्यूनतम 60 प्रतिशत आरक्षण), विधवाओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और भूमिहीन श्रमिकों को प्राथमिकता दी जा रही है।
जनपद फिरोजाबाद में जिला प्रशासन की सतत निगरानी के परिणामस्वरूप ग्रामीण आवास योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के साथ-साथ प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अन्तर्गत भी जनपद ने शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर प्रदेश के शीर्ष पांच जनपदों में स्थान बनाया है। जनपद के एका, फिरोजाबाद और हाथवंत सहित विभिन्न विकास खंडों में शेष पात्र परिवारों के पंजीकरण और आवास निर्माण का कार्य तीव्र गति से संचालित है।
निस्संदेह, केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की दूरदर्शी नीतियों तथा जनपद फिरोजाबाद के जिला प्रशासन के प्रभावी समन्वय से आवास योजनाएं ‘अंत्योदय से सर्वाेदय‘ के संकल्प को धरातल पर साकार कर रही हैं। पक्के घर की सुरक्षा मिलने से रामनिवास जैसे हजारों परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ उनकी भावी पीढ़ियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वाभिमान का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here