
गोण्डा – जनपद के इटियाथोक क्षेत्र स्थित जयप्रभा ग्राम में आयोजित श्रीराम कथा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री जी के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए बनाए जा रहे हेलीपैड, श्रीराम कथा कार्यक्रम स्थल, मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। हेलीपैड की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के आगमन एवं श्री राम कथा कार्यक्रम को लेकर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एक्सईएएन प्रान्तीय खण्ड प्रमोद त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, पंचायत राज अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।










