छठ महापर्व हमारी सांस्कृतिक आत्मा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का अनुपम उत्सव-श्री केशव प्रसाद मौर्य

0
3
Advertisement

उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सूर्याेपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ की दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सूर्याेपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पर समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की है कि छठी मइया की कृपा और भगवान सूर्य के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो।

Advertisement

उप मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा, गौरवशाली परम्पराओं और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का उत्सव है। यह आत्मानुशासन, पवित्रता, श्रद्धा और समर्पण का ऐसा अनुपम पर्व है, जिसमें व्रती शुद्ध अंतःकरण एवं निर्मल मन से अस्ताचलगामी और उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लोकमंगल की कामना करते हैं।

श्री मौर्य ने कहा कि सूर्याेपासना का यह महापर्व हमें जीवन में प्रकाश, ऊर्जा, सकारात्मकता और संतुलन का संदेश देता है। छठ पर्व प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंधों को दर्शाने के साथ ही सामाजिक समरसता एवं एकता का भी सशक्त संदेश देता है। छठ के अवसर पर घाटों पर समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ श्रद्धा और आस्था के साथ खड़े होते हैं। यह दृश्य हमारी सामाजिक एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक समृद्धि का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की गौरवशाली परम्परा पूर्वी भारत और उत्तर प्रदेश से निकलकर आज देश के कोने-कोने तक पहुंच चुकी है। विदेशों में रहने वाले प्रवासी भारतीय भी इसे पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाते हैं। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परम्पराओं की व्यापक स्वीकार्यता का प्रतीक है। हम सभी अपनी गौरवशाली संस्कृति और सभ्यता के उत्तराधिकारी हैं तथा अपनी परम्पराओं को पूरी श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाने का दायित्व निभाएं।

उप मुख्यमंत्री ने कामना की कि छठी मइया की कृपा से सभी व्रती महिलाएं एवं पुरुष अपने संकल्प में सफल हों तथा प्रदेश और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे। छठ महापर्व की महान परम्परा पीढ़ी-दर-पीढ़ी इसी श्रद्धा और आस्था के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहे। उन्होंने भगवान भास्कर से उत्तर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की प्रार्थना की।

उपमुख्यमंत्री ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दृष्टिगत गांवों में बने अमृत सरोवरो पर  साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश सभी सम्बंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने छठ पूजा स्थलों व नदियों के घाटों आदि पर विशेष रूप से स्वच्छता के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here