
बहराइच। प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की गोद में बसे जनपद के दूरस्थ ग्राम भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए ग्राम सेमरहना में विकसित किये जा रहे स्मार्ट गांव भरतपुर का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता व अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर प्रगति का जायज़ा लिया। जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवशेष कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण कराया जाय। आवासों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्लाटर इत्यादि के अवशेष कार्य को पूर्ण कराया जाय।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया कि आबादी की जमीन पर पार्क निर्माण कराया जाय। साथ ही पानी निकासी के लिए निर्माणाधीन नाली का निर्माण कार्य भी समय से पूर्ण कराया जाय। बिजली विभाग के अधिकारी को मेनगेट का पोल शिफ्ट कराये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट को उपलब्ध भूमि पर शोभाकार पौध रोपित कराये जाने का सुझाव दिया। डीएम द्वारा निर्देश दिया गया कि मा. मुख्यमंत्री जी मंशानुरूप सभी कार्यों को निर्धारित मानक एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाय। निरीक्षण के दौरान विद्युत, लोक निर्माण, पीडब्ल्यूडी व अन्य सम्बन्धित विभागों द्वारा भी स्मार्ट ग्राम में सुविधाओं के विकास कार्य प्रगति पर है। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश ग्राम की महिलाओं को रोज़गार से जोड़ने का प्रयास किया जाय।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित, उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर) मोनालिसा जौहरी, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी चन्द्रभान सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा व खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।













