
टी आर सी लॉ कॉलेज, बाराबंकी में सोमवार को पुरा-छात्र सम्मेलन एवं विदाई समारोह 2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य श्री आशुतोष पाण्डेय ने किया। उन्होंने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका परिचय प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अधिवक्ता श्री पारेश मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य राज्य विधिक परिषद् उत्तर प्रदेश, टी आर सी लाॅ काॅलेज एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता उच्च न्यायालय श्री अखिलेश कुमार वर्मा, संयुक्त सचिव एवं सहायक अभियोजन अधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह, शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. सुजीत चतुर्वेदी तथा प्राचार्य डॉ. अश्वनी कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अन्तर्गत काॅलेज के पूर्व छात्रों ने अपने संबोधन में विधिक शिक्षा, व्यावसायिक नैतिकता, संवैधानिक मूल्यों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विचार व्यक्त किए एवं संस्थान के साथ निरंतर जुड़ाव बनाए रखने तथा महाविद्यालय के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि अधिवक्ता श्री पारेश मिश्रा ने अपने संबोधन में विधि व्यवसाय की गरिमा, न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका तथा विधिक शिक्षा के व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विधि के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, परिश्रम एवं व्यावसायिक नैतिकता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने टीआरसी लॉ कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए पूर्व विद्यार्थियों एवं वर्तमान विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान को संस्थान की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और न्याय व्यवस्था के हित में करने का संदेश दिया।
समारोह का विशेष आकर्षण महाविद्यालय के एक वर्षीय एलएल.एम. पाठ्यक्रम के प्रथम बैच की पूर्व छात्रा सुश्री श्रेया त्रिपाठी की उपलब्धि रही। उनका चयन हाल ही में हरियाणा में सहायक जिला अभियोजन अधिकारी (Assistant District Attorney) के पद पर हुआ है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उनकी सफलता को महाविद्यालय परिवार ने गौरव का विषय बताया।
इस अवसर पर विभिन्न पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एक वर्षीय एलएल.एम. पाठ्यक्रम में श्रेया त्रिपाठी ने प्रथम, आंचल सिंह ने द्वितीय तथा स्वाति द्विवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पांच वर्षीय बी.ए. एलएल.बी. पाठ्यक्रम में सक्षम मिश्रा प्रथम, अंकिता सोनी द्वितीय तथा संदीप पटेल तृतीय स्थान पर रहे। तीन वर्षीय एलएल.बी. पाठ्यक्रम में सोमनाथ मिश्रा प्रथम, कीर्ति वैश्य द्वितीय तथा भरत भूषण तिवारी तृतीय स्थान पर रहे। विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्नातकोत्तर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश मिश्रा, उपप्राचार्या डॉ. दीपमाला श्रीवास्तव, सहायक आचार्य डॉ. इंद्र दमन तिवारी, श्रीमती रोहिणी त्रिपाठी, डॉ. अमजद अंसारी, नवीन सिंह, डॉ. वीर विक्रम सिंह, शिवम शर्मा सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. सुजीत चतुर्वेदी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा सभी अतिथियों, पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।











