प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने जौनपुर में विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

0
1
Advertisement

प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जौनपुर के प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने जनपद की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर विद्युत तारों एवं खंभों को बदलने के कार्यों में तेजी लाने तथा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं के दृष्टिगत पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से भी जनपद की विद्युत व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

Advertisement

नगर विकास मंत्री श्री शर्मा ने नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को भी स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम की परियोजनाओं के कारण खोदी गई सड़कों को शीघ्र आवागमन योग्य बनाने के निर्देश भी दिए।
श्री शर्मा ने कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जनपद में बीज एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं फसल बीमा योजना सहित अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। धान खरीद की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बोरे एवं किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार नहरों में टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डेंगू से प्रभावित मरीजों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव एवं जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं को उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
श्री शर्मा ने जनपद में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण एवं गड्ढामुक्ति के कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा और बेहतर हो सके। उन्होंने पुलिस विभाग को जनपद की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने समाज कल्याण सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर श्री अजय प्रजापति एवं मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेन्द्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here