उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में न्यायिक अधिकारियों के लिए दो दिवसीय मध्यस्थता रोल प्ले प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

0
2
Advertisement

मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (एम.सी.पी.सी.), माननीय सर्वाेच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सभागार कक्ष ’स्पंदन’ में न्यायिक अधिकारियों हेतु दो दिवसीय भौतिक मध्यस्थता रोल प्ले प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को आयोजित हो रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा नामित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कुल 106 न्यायिक अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें 38 जिला एवं सत्र न्यायाधीश, 56 अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा 12 सिविल जज / मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सम्मिलित हैं।
यह दो दिवसीय भौतिक प्रशिक्षण कार्यक्रम इन न्यायिक अधिकारियों द्वारा 40 घंटे के हाइब्रिड मोड मध्यस्थता प्रशिक्षण के ऑनलाइन भाग को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे मध्यस्थता प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, प्रभावी संवाद कौशल, विवाद समाधान की आधुनिक तकनीकों तथा पक्षकारों के मध्य सौहार्दपूर्ण समझौता कराने की प्रक्रिया में पूर्ण दक्षता प्राप्त कर सकें।
प्रशिक्षण के दो दिवसीय रोल प्ले सत्रों के दौरान मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति, नई दिल्ली द्वारा नामित वरिष्ठ मास्टर ट्रेनर डॉ. रेनू अग्रवाल, श्रीमती निधि तिलक राज, श्रीमती रीमा भण्डारी एवं श्रीमती ब्रिन्दा नंदाकुमारी द्वारा प्रतिभागी न्यायिक अधिकारियों को वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित रोल प्ले के माध्यम से मध्यस्थता की व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।
यह आयोजन मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति, नई दिल्ली द्वारा संचालित ’मीडिएशन 3.0’ के व्यापक संकल्प को साकार करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा, जिसका लक्ष्य मध्यस्थता को केवल विवाद निस्तारण का माध्यम न बनाकर विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की एक प्रभावी सामाजिक एवं न्यायिक संस्कृति के रूप में विकसित करना है, जिससे न्यायालय से लेकर जनसामान्य तक मध्यस्थता की सहज पहुंच सुनिश्चित हो सके। इस प्रशिक्षण के उपरांत प्रदेश में प्रशिक्षित जज मीडिएटरों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे न्यायालयों में लंबित वादों के प्रभावी एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रत्येक व्यक्ति के लिए सुलभ, प्रभावी और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र को नई मजबूती प्राप्त होगी।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here