उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति की महानता उसकी समृद्ध भक्ति परंपरा में निहित है। भक्ति केवल ईश्वर की आराधना का माध्यम नहीं, बल्कि यह मानव जीवन को संस्कार, सद्भाव, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से समृद्ध करती है। संतों और कथावाचकों के श्रीमुख से होने वाला धार्मिक प्रवचन समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जनपद बांदा में आयोजित श्री भक्त चरित्र कथा में सम्मिलित होकर उक्त बातें कही। उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा व्यासपीठ को नमन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज अत्यंत सुंदर और प्रभावशाली ढंग से कथा का वाचन कर रहे हैं। उनकी कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हैं। प्रदेश और देश में ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन निरंतर हो रहे हैं, जो समाज में सकारात्मकता और संस्कारों का संचार कर रहे हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि कथा के दौरान श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और तन्मयता से भगवान की भक्ति में लीन रहते हैं। ऐसे समय में किसी को भी कथा में व्यवधान नहीं डालना चाहिए। धार्मिक आयोजनों और यात्राओं में किसी प्रकार का विघ्न स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल या नेता धार्मिक आयोजन करना चाहता है तो उसका भी स्वागत है। किसी को कथा करने से रोकने अथवा उसमें बाधा उत्पन्न करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के रहते धार्मिक आयोजनों और यात्राओं में कोई विघ्न नहीं डाल सकता।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। काशी में बाबा विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप सामने आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सत्य की सदैव विजय होती है और आने वाले समय में भी सत्य की जीत होगी।
श्री मौर्य ने व्यासपीठ को पुनः प्रणाम करते हुए आचार्य श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज और कथा में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु भक्तिभाव से कथा का श्रवण करने आए हैं, भगवान उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करें। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। अपने संबोधन का समापन उन्होंने श्जय श्रीरामश् के उद्घोष के साथ किया।
इस अवसर पर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी जी, श्री ब्रजभूषण राजपूत जी, श्रीमती ओममणी वर्मा जी, विधान परिषद सदस्य श्री बाबूलाल तिवारी जी, जिलाध्यक्ष श्री मोहनलाल कुशवाहा जी एवं श्री कल्लू राजपूत जी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


