स्व-गणना अभियान में सक्रिय भागीदारी करें पुलिसकर्मी एवं जनपदवासी -एसएसपी

0
3
Advertisement

अलीगढ़ : भारत की जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने जनपदवासियों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से 16 नवम्बर से प्रारम्भ होने वाले स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
एसएसपी ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 से 30 नवम्बर तक नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 01 दिसम्बर से 04 जनवरी, 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर व्यक्ति गणना की जाएगी तथा 05 से 09 जनवरी, 2027 तक पुनरीक्षण गणना का कार्य सम्पन्न होगा।
उन्होंने पुलिस विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अपनी गणना वर्तमान सामान्य निवास स्थान पर ही कराएं। पुलिसकर्मी अपने मूल निवास अथवा गृह जिले के बजाय जहां वर्तमान में निवास कर रहे हैं, वहीं अपनी एवं अपने परिवार की गणना सुनिश्चित करें। इससे दोहरी गणना की स्थिति से बचने के साथ ही कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित नहीं रहेगा।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से स्वयं स्व-गणना करने के साथ अपने अधीनस्थ कर्मचारियों, परिजनों एवं आसपास के नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास, संसाधनों के नियोजन और भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे 16 नवम्बर से प्रारम्भ हो रहे स्व-गणना अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर जनगणना-2027 के सफल संचालन में अपना योगदान दें।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here