मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में एनीमिया मुक्त, महिला स्वास्थ्य गर्भावस्था, स्वस्थ शिशु एवं पोषण वारियर्स 2 की समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
1
Advertisement

महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार सर्वाेच्च प्राथमिकता, योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाएं

Advertisement

गर्भवती, धात्री महिलाओं एवं 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण गृह भ्रमण सुनिश्चित करें

आगामी छह माह में पोषण स्तर में सुधार के लिए तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना, जनपदवार प्रगति की होगी प्रभावी निगरानी

अतिकुपोषित बच्चों की समय से पहचान कर एनआरसी में भर्ती कराएं, आंकड़ों के बजाय धरातल पर दिखे वास्तविक सुधार
-आयुक्त ओ. पी. आर्य

अलीगढ़ : मण्डलायुक्त अलीगढ़ मण्डल ओ.पी. आर्य की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में एनीमिया मुक्त भारत, स्वस्थ महिला-स्वस्थ गर्भावस्था, स्वस्थ शिशु एवं पोषण वॉरियर्स-2 कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डलायुक्त ने महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा इनके परिणाम धरातल पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने कहा कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों का निर्धारित समय पर नियमित गृह भ्रमण किया जाए। भ्रमण के दौरान उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण संबंधी जानकारी एवं विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के लिए विभागीय समन्वय और नियमित निगरानी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समीक्षा बैठकों में प्रस्तुत किए जाने वाले आंकड़े तथ्यात्मक, अद्यतन एवं वास्तविक होने चाहिए। केवल कागजी प्रगति से संतुष्ट होने के बजाय सभी जनपदों में स्वास्थ्य एवं पोषण संकेतकों में वास्तविक सुधार दिखाई देना चाहिए। अधिकारी क्षेत्र में आने वाली कमियों एवं समस्याओं को स्वयं चिन्हित कर उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।
मण्डलायुक्त ने आंगनबाड़ी केन्द्रों पर उपलब्ध कराई जा रही सामुदायिक सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, लाभार्थियों तक पोषाहार एवं अन्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मण्डल स्तर पर सम्मानित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगामी छह माह में मण्डल के सभी जनपदों में पोषण स्तर में सुधार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित अनुश्रवण पर जोर दिया। साथ ही निर्देशित किया कि अतिकुपोषित बच्चों की समय से पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी) में भर्ती कराया जाए तथा उपचार के बाद भी उनकी नियमित निगरानी की जाए।

मण्डलायुक्त ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। हमारा उद्देश्य केवल योजनाओं की प्रगति दर्शाना नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए।
बैठक में जेडीसी मंशाराम यादव, एडी स्वास्थ्य डॉ. नीरज त्यागी, मण्डल के समस्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अलीगढ़ कृष्णकांत राय, अन्य जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here