डीएम व एसपी ने यातायात माह नवम्बर 2026 का किया शुभारम्भ जागरूकता वाहन रैली को हरी दिखाकर किया रवाना

0
3
Advertisement

बहराइच । सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने, उनमें होने वाली जनहानि को रोकने तथा आमजनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से माह नवम्बर-2026 को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। यातायात माह के शुभारम्भ अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, जनपद बहराइच स्थित यातायात कार्यालय से यातायात जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया। उक्त वाहन रैली को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर जामकर, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार, प्रतिसार निरीक्षक दिलीप कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक यातायात राम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
वाहन रैली के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से सम्बन्धित जागरूकता गीतों एवं संदेशों का प्रसारण किया गया, जिसके माध्यम से आमजनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट धारण करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
यातायात माह दिनांक 01 से 30 नवम्बर 2026 तक मनाया जाएगा। इस दौरान यातायात पुलिस तथा स्थानीय थाना पुलिस द्वारा पूरे माह विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन कर आमजनमानस तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया जायेगा तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की जायेगी।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here